शबरी माता की भक्ति: एक भीलनी का प्रेम जिसने श्रीराम को खींच लाया

शबरी माता की भक्ति: एक भीलनी का प्रेम जिसने श्रीराम को खींच लाया

शबरी माता की भक्ति: एक भीलनी का प्रेम जिसने श्रीराम को खींच लाया

शबरी माता की कथा भक्तिमार्ग में एक अमिट प्रेरणा है। एक भीलनी, जिसे समाज ने तिरस्कृत किया, लेकिन उसकी सेवा, प्रेम और भक्ति ने स्वयं भगवान श्रीराम को उसके द्वार तक ला खड़ा किया। यह कथा केवल भक्ति की नहीं, बल्कि संपूर्ण समर्पण और निष्कलंक प्रेम की गाथा है।

माता ने अपने जीवन में भगवान की भक्ति को सबसे ऊपर रखा। माता का प्रेम और भक्ति की गहराई अनमोल है।

शबरी माता का वैराग्य और वनगमन

माता का जन्म एक भील कुल में हुआ था, इसलिए उन्हें ‘शबरी’ कहा गया। विवाह के समय जब उन्होंने देखा कि उनके विवाह के लिए हजारों निर्दोष पशु-पक्षियों की बलि दी जाएगी, तो उनका हृदय कांप उठा। उसी रात उन्होंने उन सभी जीवों को मुक्त कर दिया और प्रण लिया “जिस विवाह से जीवों की हत्या हो, ऐसा विवाह मैं नहीं करूंगी।”

इस त्याग और करुणा से प्रेरित होकर उन्होंने गृह त्याग दिया और वन को अपनी तपोभूमि बनाया। अब वे केवल एक लक्ष्य लेकर चल पड़ीं भगवान को पाना।

अदृश्य संत सेवा और मतंग ऋषि का कृपा दृष्टि

वन में माता ने संतों की सेवा आरंभ की। वे चुपचाप ऋषियों के स्नान मार्ग साफ करतीं, हवन के लिए लकड़ियाँ रखतीं, पुष्प चढ़ातीं परन्तु गुप्त रूप से। एक दिन मतंग ऋषि ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। शबरी घबरा गई कि अब सेवा से भी वंचित हो जाऊंगी, पर मतंग ऋषि की करुणा और दिव्य दृष्टि ने उन्हें शरण दी।

उन्होंने कहा
“भक्ति न जात देखे, न कुल, न शरीर। जिसकी भक्ति सच्ची हो, उसे ही भगवान प्राप्त होते हैं।”

दीक्षा और जीवन परिवर्तन

मतंग ऋषि ने उन्हें मंत्र और नाम दीक्षा दी। यह खबर जब चारों ओर फैली, तो अनेक ब्राह्मण और ऋषि क्रुद्ध हो गए। लेकिन मतंग ऋषि अडिग रहे –
“जो तप और ब्रह्म ज्ञान के अभिमान में है, वह सच्चे भक्ति मार्ग से वंचित रह जाता है।”

गुरु वियोग और प्रभु दर्शन की प्रतीक्षा

मतंग ऋषि स्वर्गारोहण करते समय शबरी माता से वादा करते हैं –
“स्वयं भगवान श्रीराम तुम्हें दर्शन देंगे।”
गुरु वियोग में शबरी टूट जाती हैं, पर इस वचन के आधार पर जीवन का हर क्षण प्रभु की प्रतीक्षा में बिताती हैं।

हर दिन वे सुंदर बेर चुनतीं – पहले चखकर देखतीं कि कहीं खट्टे तो नहीं। फिर उन्हें धोकर साफ करके प्रभु के लिए दोने में सजातीं, मार्ग बुहारतीं, फूल बिछातीं – यही उनका दिनचर्या बन गया।

प्रभु श्रीराम का आगमन और भावविभोर मिलन

और एक दिन…
श्रीराम स्वयं उनके आश्रम पधारे।
“कहाँ है माता ?” ये प्रश्न जब ऋषियों से किया, तो अहंकार चूर हो गया।
माता ने जब श्रीराम को देखा, तो लज्जा और आनंद में विह्वल हो उठीं। प्रभु ने उन्हें हृदय से लगाया, उनके झूठे बेर खाए और कहा –
“आज हमारे वनवास का फल मिल गया।”

जिन ऋषियों ने शबरी का अपमान किया था, अब उन्हें पश्चाताप हुआ। प्रभु ने उन्हें आदेश दिया –
“यदि जल को शुद्ध करना है, तो शबरी के चरणामृत से करो।”
उनके चरणामृत से जल निर्मल हुआ – यह संकेत था कि सच्ची भक्ति सबसे ऊपर है।

प्रभु ने शबरी को नवधा भक्ति का स्वरूप कहा और उन्हें परम गति प्रदान की। उनके सामने ही शबरी योगाग्नि से शरीर त्याग कर प्रभुधाम को चली गईं।

निष्कर्ष

शबरी माता की कथा हमें सिखाती है कि भगवान को पाने के लिए न कुल चाहिए, न जाति, न तप, न धन। केवल सच्चा प्रेम, सेवा, और गुरुवाक्य में अटल श्रद्धा ही प्रभु को हमारी ओर खींच लाती है।

शबरी माता की कथा हमें यह समझाने में मदद करती है कि सच्ची भक्ति ही सच्चा मार्ग है।

आप त्रिपुरदास जी की की कथा भी पढ़ सकते हैं। शबरी माता जी के बारे में अधिक जानकारी के लिए Wikipedia लेख देखें।



Spread the love